मेरी प्रेरणा मेरी ताकत, मेरी हिम्मत मेरा हौसला- मेरे पापा
पापा
वैसे तो हर पल माता -पिता का सम्मान और शुभकामनाएं ...., आज फादर्स दिवस है, एक दिन में पिता के जीवन, संघर्ष, सहयोग और उनके आशीर्वाद को समेटना असंभव है, क्योंकि जन्म से लेकर बचपन और पूरे जीवन में पिता की भूमिका हमेशा जादुई जैसी होती है, जिंदगीभर पापा वृक्ष की छाया की तरह हमेशा साथ में खड़े रहते है। मैंने अपने पिता के जीवन से सहयोग की भावना, ईमानदारी, अनुशासन ,जिम्मेदारी, बड़ों का आदर करना और लगन का पाठ पढ़ा हैं। मेरे संघर्ष में मेरे पापा हमेशा हिम्मत और हौसला रूपी पहाड़ की तरह खड़े रहते है, जिसकी वजह से ही, मैं हर संकट के समय में कभी भी हार न मानने की प्रेरणा के साथ टिका हूं।
आज पिता दिवस है, हर साल इसकी तारीख बदलती है , लेकिन जीवन रूपी युद्ध और संघर्ष में पापा का प्यार कभी नहीं बदलता। आज के दिन पिता के सम्मान, त्याग और जीवन में उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करता हूं। महसूस करने पर पता चलता है, जीवन को संवारने के लिए पापा की कुर्बानियों के लिए हर सराहना कम पड़ जाती है। पापा की मेहनत, त्याग और प्यार का कर्ज हमेशा मेरे ऊपर है और रहेगा।
जब मैं अपने बेटे के साथ खेलता हूं, वो मेरी गोद में, मेरे साथ सोता है, तो मुझे हू-ब-हू अपने पापा की याद आ जाती है, क्योंकि ऐसे ही मैं अपने पापा के साथ बचपन में आराम करता था। उस बेटे को भी बहुत बहुत धन्यवाद जिसकी वजह से आज मैं अपने पापा के बारे में इतना लिख सका। अपनी पत्नी को भी धन्यवाद जिसने कहा आज फादर्स डे है, पापा और बेटे दोनों के लिए कुछ ना कुछ लिखना।
पापा के लिए वैसे तो लिखा हुआ, बोला गया या विचारणीय हर शब्द कम है, पापा को उपहार देने के लिए शब्दों की यह पिरोई अधूरी माला हमेशा अधूरी रह जाती है। पापा के मार्गदर्शन , आशीर्वाद, सहयोग के आगे सपनों से लेकर हकीकत में भी ये माला हमेशा अधूरी ही रहेगी। लेकिन हर दिन माता-पिता दिवस है, हर दिन इसे मनाना चाहिए। क्योंकि जीवन में आने वाली हर परिस्थिति के मोड़ पर आपने हाथ थामकर मेरा हौसला बढ़ाया है। जिंदगी में जीने का गुण आपसे ही सीखा है। मेरी प्रेरणा ,मेरी ताकत, मेरे संत, मेरे सुपर हीरो मेरे पापा है। पिता दिवस की बहुत बहुत शुभकामनाएं...आप सदैव खुश रहे... स्वस्थ रहे..
Comments
Post a Comment