सियासत की भैंस: 2027 में किसके खूंटे से बंधेगी सत्ता?

 


उत्तर प्रदेश की राजनीति में भैंस सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि सियासी प्रतीक भी बन सकती है। भैंस का स्वभाव है कि वह अपने रास्ते चलती है, लेकिन उसे हांकने वाले की ताकत, दिशा और इरादा भी मायने रखता है। यूपी की 2027 की चुनावी राजनीति में यही सवाल योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के सामने है—सियासत की भैंस किसके इशारे पर चलेगी और सत्ता का खूंटा किसके आंगन में गड़ेगा? जनता का इसमें क्या रोल रहेगा। 

आपकी जानकारी के लिए बता दें भैंस की एक खासियत है—वह आसानी से किसी के पीछे नहीं चलती। उसे अपने रास्ते पर लाने के लिए चारा भी चाहिए और भरोसा भी। चुनाव में मतदाता की भूमिका भी कुछ ऐसी ही होती है। भाषणों की गूंज से अधिक उसके लिए रोजमर्रा के सवाल अहम होते हैं। यही वजह है कि योगी और अखिलेश दोनों को 2027 की राह में जनता को अपने पक्ष में करने की चुनौती है।

मुख्यमंत्री  आदित्यनाथ के लिए सबसे बड़ी चुनौती सरकार के कामकाज को चुनावी भरोसे में बदलने की रहेगी, भाजपा कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं को अपनी उपलब्धियों के तौर पर पेश कर रही है। पार्टी संगठन भी तीसरी बार सत्ता में लौटने की तैयारी में जुटा है। वहीं, विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई और भर्ती प्रक्रियाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है। 

दूसरी ओर, अखिलेश यादव की रणनीति PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक राजनीतिक मंच पर जोड़ने की है। समाजवादी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में मिले समर्थन को विधानसभा चुनाव में दोहराना चाहती है। लेकिन उसके सामने चुनौती यह है कि सामाजिक समीकरणों को वोट और वोट को सीटों में कैसे बदला जाए। 

दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो चुकी है। योगी का 80-20 वाला चुनावी दावा और अखिलेश का उस पर पलटवार इसी सियासी खींचतान का हिस्सा है। हाल में गोपालकों को लेकर योगी की टिप्पणी पर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। 

अब असली सवाल यही है कि चुनावी जंग के मैदान में किसकी रणनीति काम आएगी। भैंस की तरह मतदाता भी केवल शोर से रास्ता नहीं बदलता। उसे अपने हित का चारा, सुरक्षा का भरोसा और भविष्य की उम्मीद चाहिए। 2027 में सत्ता की भैंस किसके खूंटे से बंधेगी, इसका फैसला नारों से नहीं, मतदान के दिन जनता के फैसले से होगा, जो नतीजों में नजर आएंगा।

Comments

Popular posts from this blog

मेरी प्रेरणा मेरी ताकत, मेरी हिम्मत मेरा हौसला- मेरे पापा

विज्ञापनों से हिंदी को बढ़ता खतरा

तकनीकी रूप से पश्चिमी कल्चर से आया जेन जी शब्द, प्रचार में क्यों पड़ रहा है भारी, तत्काल इस पर लगे रोक